सागर 23 जून 2024 - पति के संत रामपाल से गुरु दीक्षा लेने से नाराज पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। पति ने दीक्षा लेने के बाद से सारे व्यसन छोड़ दिए थे। स्वयं मांसाहार सहित अन्य व्यवसनों से दूरी बना ली थी और पत्नी को भी सादा जीवन जीने के लिए कहता था। सलवार सूट में रहने तथा शृंगार नहीं करने के लिए कहता था।
मामला सागर जिले के बीना कस्बा का है। शुक्रवार को दोपहर बीना में शिवाजी वार्ड के रहने वाले दीपक वाल्मीकि की 26 वर्षीय पत्नी रिया ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जबलपुर से महिला के स्वजन बीना पहुंचे और पुलिस थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी।
परिजनों ने बताया कि, जब से उनके दामाद दीपक वाल्मीकि ने संत रामपाल से गुरु दीक्षा ले ली थी, तब से सारे व्यसन छोड़ दिए थे। स्वयं मांसाहार सहित अन्य व्यवसनों से दूरी बना ली थी और पत्नी को भी सादा जीवन जीने के लिए कहता था। सलवार सूट में रहने तथा शृंगार नहीं करने के लिए दबाव बनाता था।
पति के इस आचरण से परेशान होकर कुछ समय पूर्व पत्नी अपने मायके जबलपुर चली गई थी। 19 तारीख को पति दीपक और मामा जबलपुर आए और रिया को अपने साथ लेकर वापस आ गए थे। उनका तीन साल का एक बेटा भी है। सूचना पर नायब तहसीलदार हेमराज अस्पताल पहुंचे और उन्होंने दोनों पक्षों से बात कर जांच का आश्वासन दिया।