Back to News

तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने तीन दिनों के लिए जारी किया येलो अलर्ट

तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने तीन दिनों के लिए जारी किया येलो अलर्ट
नई दिल्ली 21 फरवरी 2024 - देश भर में इस समय मौसम का मिजाज बहुत ही तेजी से बदलता हुआ नजर आ रहा है। देश के कई राज्यों में इस समय बारिश , आंधी और बर्फबारी देखने को मिल रही है। बारिश होने की वजह से कुछ जगहों पर सर्दी और भी अधिक बढ़ गई है। 

मौसम विभाग की मानें तो 22 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेंगी। वहीं, उत्तर पश्चिम भारत में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी देखने को मिल सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है, कई क्षेत्रों में संभावित ओलावृष्टि के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 24 से 26 फरवरी तक हल्की से मध्यम वर्षा देखा जा सकता है। 23 फरवरी तक पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की चेतवानी जारी की गई है। जबकि, 24 से 26 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की भी भविष्य वाणी की है।

अरुणाचल प्रदेश में कल और परसों (22 फरवरी और 23 फरवरी) भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है, पश्चिम बंगाल और सिक्किम 22 फरवरी को भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट पर हैं।