Back to News

कांग्रेस विधायक के घर चोरों का धावा , आलमारी तोड़कर नगदी पर किया हाथ साफ , पुलिस जांच में जुटी

कांग्रेस विधायक के घर चोरों का धावा , आलमारी तोड़कर नगदी पर किया हाथ साफ , पुलिस जांच में जुटी
भोपाल 15 अगस्त 2024 - राजधानी भोपाल में कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह के आवास पर चोरी का मामला सामने आया है। आलमारी से 12 हजार रुपए लेकर चोर फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। हबीबगंज के थाना प्रभारी अजय सोनी ने गुरुवार को मामले की जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि बीते 13 अगस्त को पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के आवास पर चोरी की घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और वहां के स्टाफ के कमरे की जांच की, जिसमें कमरे का ताला टूटा पाया गया था। अलमारी और ब्रीफ केस में सामान अस्त-व्यस्त पड़े हुए थे, कुछ खोजने के मकसद से उसके साथ छेड़छाड़ की गई थी। 

हमें जानकारी दी गई कि ब्रीफ केस में 12 हजार रुपए थे, जो चोरी हो गए। वहां पर कुछ आवश्यक दस्तावेज भी थे, जिन्हें चोर अपने साथ नहीं ले गए। मौके पर फॉरेंसिक विभाग को बुलाया और उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्य लिए। थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द चोर को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

बता दें कि जयवर्धन सिंह मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे हैं। वो 2013 में पहली बार विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद 2018 के विधानसभा चुनाव में भी वो जीतने में सफल रहे। कमलनाथ की सरकार में जयवर्धन सिंह को नगरीय विकास मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जयवर्धन सिंह वर्तमान में राघौगढ़ विधानसभा सीट से विधायक हैं।