लखनऊ 03 जून 2024 - वेल्डिंग व्यापारी ने दुकान पर हाथ बंटाने के लिए एक युवक को नौकरी पर रखा। उसने विश्वास जीत कर व्यापारी के घर में जगह बना ली। वह घर के एक हिस्से में रहने लगा। इस दौरान आरोपी ने व्यापारी की बेटी की आपत्तिजनक हालत में वीडियो बनाई और उसे वायरल करने की धमकी देकर रेप किया।
पीजीआई निवासी वेल्डिंग व्यापारी ने अयोध्या खंड पिपरा निवासी मो. दानिश को करीब डेढ़ साल पूर्व नौकरी पर रखा था। गैर जनपद से होने के कारण दानिश ने व्यापारी के घर पर रहने की इजाजत मांगी। उसनके लिए व्यापारी ने हामी भर दी। दुकान में हाथ बंटाने के साथ दानिश घर के काम में भी मदद करता था। इसके चलते व्यापारी के परिवार को उस पर विश्वास हो गया। घर के सभी सदस्यों के साथ भी दानिश काफी घुल मिल गया था। जिसमें व्यापारी की बेटी भी शामिल है।
व्यापारी के घर रहने के दौरान दानिश ने बाथरूम में कैमरा छिपा कर युवती की वीडियो रिकार्ड कर ली। उसे वायरल करने की धमकी देते हुए आरोपी ने उससे दुराचार किया। दानिश की हरकतों से युवती सहमी रहने लगी। मां के कई बार पूछताछ करने पर उसे नौकर की करतूत के बारे में बताया। जिसे सुन कर परिवार वाले भी सन्न रह गए।
युवती की मां ने दानिश से वीडियो डिलीट करने के लिए कहा। जिसके बदले वह रुपयों की मांग करने लगा। रुपये नहीं मिलने पर पीड़िता की वीडियो और फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर दी। परिचितों से इस बात की जानकारी होने पर व्यापारी की पत्नी ने PGI कोतवाली में FIR दर्ज कराया। इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी दानिश को गिरफ्तार किया गया है।