बारां 28 जून 2024 - राजस्थान के बारां से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. पत्नी ने बाकायदा पति को मरवाने के लिए उसके नाम की सुपारी दी थी. उसने पति की हत्या के लिए सुपारी किलर से तीन लाख रुपये में सौदा किया था. फिलहाल पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के मुताबिक 24 जून को बजरंग नगर के रहने वाले आशिक अहमद ने अपने भाई हकीम खान की हत्या के संबंध में मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने जब जांच शुरू की तब पता चला कि मृतक हकीम खान के मकान में करीबन 7 से 8 महीने पहले छबड़ा का रहने वाला फारुक हुसैन किराए पर रहता था. इस बीच फारुक हुसैन और मृतक हकीम खान की पत्नी रईसा बानो उर्फ रानी के बीच प्रेम संबंध हो गए।
पत्नी रईसा बानो भी आजादी से प्रेमी फारुक के साथ रहना चाहती थी. पति हकीम को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची. इसके बाद करीब 15-20 दिन पहले रईसा और उसके प्रेमी फारुक ने हकीम की हत्या करने के लिए रईसा के भतीजे आशिफ खान और रईसा के भाई सलीम की बेटी रुबीना बानो के पति रिजवान खान से तीन लाख रुपये में सौदा तय किया था।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक हकीम खान की पत्नी रईसा बानो उर्फ रानी, उसके प्रेमी फारुक हुसैन, आशिफ खान और रिजवान खान उर्फ भुरु खान को गिरफ्तार कर लिया है।