Back to News

ट्रेन से गिर कर महिला आरक्षक की मौत , 20 दिन पहले ही हुई थी शादी , ड्यूटी पर जाने के दौरान हुआ हादसा

ट्रेन से गिर कर महिला आरक्षक की मौत , 20 दिन पहले ही हुई थी शादी , ड्यूटी पर जाने के दौरान हुआ हादसा
पटना 06 अगस्त 2024 - बिहार की राजधानी पटना में संदिग्ध परिस्थिति में ट्रेन से गिरकर GRP की महिला सिपाही सपना कुमारी (27) की मौत हो गई। वह बक्सर स्टेशन पर कार्यरत थी। 20 दिनों पहले उसकी शादी हुई थी। पुलिस कांड की छानबीन कर रही है। घटना दानापुर रेल थाना के नेउरा-गांधी हाल्ट के पास की है।

जानकारी के मुताबिक बीते 14 जुलाई को सपना कुमारी की धनबाद में शादी हुई थी। शादी के बाद ड्यूटी ज्वाइन करने  बक्सर जा रही थी। इसी दौरान नेउरा -गांधी हाल्ट के पास घटना घटी। हालांकि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रेन से गिरने से सपना कुमारी की मौत होने की बात सामने आई है। 

वर्ष 2019 में सपना सिपाही बनी थी। सिपाही सपना के भाई प्रीतम ने बताया कि बीते 14 जुलाई को ही उसकी शादी धनबाद निवासी CRPF में कार्यरत राहुल कुमार से हुई थी। शादी से लौटकर सपना रविवार की सुबह करीब 12 बजे ड्यूटी ज्वाईन करने के लिए घर से निकली थी। दानापुर रेलवे स्टेशन से एक ट्रेन पकड़ कर वह बक्सर जा रही थी। इसी बीच परिवार वालों के मोबाइल पर सपना के बक्सर नहीं पहुंचने का फोन आया।