Back to News

आरक्षक निकला चोर , दिन में वर्दी पहन कर थाने में करता ड्यूटी और रात को घरों में करता चोरी

आरक्षक निकला चोर , दिन में वर्दी पहन कर थाने में करता ड्यूटी और रात को घरों में करता चोरी

राजगढ़ 24 जुलाई 2025 - मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी रवि जाटव पेशेवर चोर निकला। उसने अपने साथियों के साथ अपने थाने से 322 किलोमीटर दूर ग्वालियर जिले के डबरा से 20 हजार रुपये और एक स्कॉर्पियो चोरी की। इस वारदात के बाद वह थाने वापस आकर ड्यूटी करने लगा, लेकिन ग्वालियर पुलिस ने उसे सरकारी निवास से गिरफ्तार कर लिया।

ग्वालियर पुलिस के अनुसार विगत 10 -11 जुलाई की रात को डबरा शहर थाना के शुगर मिल क्षेत्र में चोरों ने तीन सूने घरों के ताले तोड़े। दो घरों में कुछ नहीं मिला, लेकिन तीसरे मकान में दीवान में रखे 20 हजार रुपये और स्कॉर्पियो की चाभी मिल गई। कार भी घर के नीचे खड़ी थी। चोरों ने 20 हजार रुपयों के साथ कार भी चुरा लिया। वारदात की सूचना के बाद पुलिस और पीड़ित दोनों कार को ढूंढने में जुटे हुए थे।

पुलिस की पड़ताल में पता लगा कि राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाने का आरक्षक रवि जाटव 10 जुलाई की रात डबरा में चोरी करने के बाद उसी स्कॉर्पियो को चलाते हुए वापस राजगढ लौटा। वहां पनिहार के पास गाड़ी मालिक के परिचितों ने स्कॉर्पियो को पहचान कर पीछा करना शुरू कर दिया। उनसे बचने के लिए आरक्षक गाड़ी को तेज रफ्तार में चलाकर बैरियर तोड़कर भाग निकला, उसके बाद स्कॉर्पियो को जंगल में छोड़कर वहां से अपनी तैनाती वाले थाने लौटकर ड्यूटी करने लगा।

पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज में पाया गया कि आरक्षक रवि जाटव टोल प्लाजा से गुजरा फिर शिवपुरी में स्कॉर्पियो में तेल डलवाया। पहचान की पुष्टि होने के बाद ग्वालियर पुलिस ने कालीपीठ में उसको पकड़ने के लिए उसके शासकीय आवास पर दबिश दी। वहां से उसके साथ चोरी में लिप्त एक अन्य आरोपी गोविंद जाटव को भी पकड़ा गया।