रायपुर 26 फरवरी 2024 - “समझता हूं जितना उपदेश आपने मुझे दिया है, उतना उपदेश यदि आप अपने बाजू वाले को दिए होते हैं पिछले 5 सालों में तो आज यह स्थिति नहीं होती….” मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सदन में आज तेवर भी तल्ख थे और अंदाज भी निराला था।
मुख्यमंत्री ने इशारों-इशारों में आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने बजट अनुदान मांगों पर चर्चा का जवाब देने दौरान अपनी छवि के विपरीत विपक्ष को हर एक मामले पर आक्रामक तरीके से जवाब दिए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जवाब की शुरूआत में ही नेता प्रतिपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि मैं समझता हूं जितना उपदेश आपने मुझे दिया है उतना उपदेश यदि आप अपने बाजू वाले को दिए होते हैं पिछले 5 सालों में तो आज यह स्थिति नहीं होती।
मुख्यमंत्री का इशारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर था। इस पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी इशारों की इशारों में मजाकिया लहजे में अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बैठने की जगह और विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी के बीच दूरी को दिखाते हुए कहा कि हम दोनों के बीच दूरी ही ऐसी थी कि क्या करते।