धमतरी 18 सितम्बर 2025 -16 साल पुराने शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लंबे समय से फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की लंबे समय से तलाश चल रही थी। पूरा मामला छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का है, जहां RTI कार्यकर्ता की शिकायत पर FIR दर्ज हुआ था। यह घोटाला धमतरी जिले के मगरलोड में 2007 में हुआ था।
गिरफ्तार आरोपियों में तत्कालीन जनपद उपाध्यक्ष कोमल यदु और शिक्षाकर्मी इशू साहू व सीताराम कुर्रे शामिल हैं। मामला 2011 में सामने आया था जब RTI कार्यकर्ता कृष्णकुमार ने फर्जी भर्ती का खुलासा किया था। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उसी वर्ष मगरलोड थाने में FIR दर्ज किया गया था। लंबे समय से मामले की जांच चल रही थी और आखिरकार 16 साल बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश किया गया।
बता दे कि मगरलोड क्षेत्र में 2007 में शिक्षाकर्मी वर्ग-3 की भर्ती के दौरान भारी अनियमितताएं की गई थीं। उस समय स्वीकृत 150 पदों के विरुद्ध 172 पदों पर भर्ती कर ली गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि 140 पदों पर फर्जी और कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति दी गई थी। आरोप है कि चयन समिति के सदस्यों ने अपने परिजनों और रिश्तेदारों को भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता दी। इससे न केवल योग्य उम्मीदवारों के अधिकारों का हनन हुआ बल्कि सरकारी तंत्र में भी गंभीर अनियमितता उजागर हुई।
इस मामले में 2017 और 2018 में भी चयन समिति के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इस बार की कार्रवाई में तीन और आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सभी आरोपियों को 15 दिन की रिमांड पर भेज दिया है।