Back to News

छत्तीसगढ़ - महिला पंचायत सचिव की अधजली लाश मिलने से मची सनसनी , परिजनों ने कही यह बड़ी बात

छत्तीसगढ़ - महिला पंचायत सचिव की अधजली लाश मिलने से मची सनसनी , परिजनों ने कही यह बड़ी बात

कोरबा 23 जुलाई 2025 - कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है यहाँ महिला पंचायत सचिव की घर में अधजली लाश मिली है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। मृतिका की पहचान 26 वर्षीय सुषमा खुसरों के रूप में हुई है, जो पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थी।

बताया जा रहा है कि सुषमा ने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था, जिसकी जानकारी उसने अपने परिजनों को नहीं दी थी। उसका पति 27 वर्षीय अनिमेष कुमार भी पंचायत सचिव है। मृतिका सुषमा की मां सोनकुंवर ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या की गई है। हत्या के बाद उसकी लाश को जलाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी सीधी और सरल थी। उन्हें बेटी के शादी करने की जानकारी नहीं थी।

मृतिका की मां ने बताया कि यदि वह लाश अपने गांव ले जाती हैं और समाज में बेटी के दूसरे समाज के लड़के से शादी करने की जानकारी होती है, तो उन्हें समाज से निकाल दिया जाएगा। इसके बाद बकरा-भात खिलाने के बाद ही उन्हें फिर से समाज में शामिल किया जाएगा।

मामले में कोरबा सीएपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतिका के पति को शव सुपुर्द कर दिया है।