रायपुर 01 जुलाई 2025 - छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 17वीं किश्त का भुगतान आज कर दिया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश की 69.23 लाख से अधिक महिलाओं को कुल 647.66 करोड़ से अधिक की सहायता राशि उनके बैंक खाते में अंतरित की है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में की थी। अब तक लगातार 17 महीनों में 11081.68 करोड़ की राशि प्रदेश की महिलाओं को प्रदाय की जा चुकी है।
योजना से होने वाले भुगतान एवं अन्य जानकारी से अवगत होने के लिए महतारी वंदन योजना के पोर्टल https: @@mahtarivandan-cgstate-gov-in अथवा महतारी वंदन योजना का मोबाइल ऐप भी है, जिसे हितग्राही प्लेस्टोर से डाउनलोड कर अपनी जानकारी देख सकते हैं।
महतारी वंदन योजनांतर्गत सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। जिन हितग्राहियों का खाता डीबीटी इनेबल नहीं है वे तत्काल बैंक जाकर आधार सीडिंग करवाएं, क्योंकि उनको भुगतान किये जाने पर राशि वापस हो जा रही है तथा इसके लिए उन्हें एसएमएस के माध्यम से सूचित भी किया गया है। यदि किसी हितग्राही को किसी प्रकार की शिकायत हो तो इस पोर्टल में शिकायत करें. ऑप्शन में जाकर अपनी समस्या ऑनलाईन दर्ज करा सकते हैं।