Back to News

छत्तीसगढ़ - खाली प्लाट में नरमुंड मिलने से मची सनसनी , पुलिस जाँच में जुटी

छत्तीसगढ़ - खाली प्लाट में नरमुंड मिलने से मची सनसनी , पुलिस जाँच में जुटी
बिलासपुर 14 मार्च 2024 - इस वक्त बिलासपुर से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है जँहा एक खाली प्लॉट पर गिट्‌टी के ढेर में नरमुंड मिलने से सनसनी फैल गई है। खोपड़ी पर लंबे बाल हैं लिहाजा महिला का सिर होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर साड़ी और कुल्हाड़ी भी मिली है। पुलिस ने नरमुंड को जब्त कर जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

प्रोबेशनर डीएसपी और थाना प्रभारी रोशन आहूजा ने बताया कि बिजौर में रहने वाली एक महिला रोज गोबर उठाने के लिए जाती है। रोज की तरह वह मंगलवार को भी इसी काम के लिए निकली थी। इस दौरान वह एक खाली प्लॉट पर पहुंची। यहां उसे गिट्टियों के ढेर के बीच एक नरमुंड नजर आया। इससे घबराई महिला उल्टे पांव लौट गई और लोगों को इसकी जानकारी दी।

जिसके बाद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। डीएसपी रोशन आहूजा ने बताया कि नरमुंड में लंबे-लंबे बाल हैं। आसपास तलाशी ली गई, लेकिन कंकाल के बाकी हिस्से का कुछ पता नहीं चला।

फिलहाल, पुलिस ने खोपड़ी, कुल्हाड़ी और साड़ी को जब्त कर जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया है। इस घटना के बाद पुलिस ने आसपास के थानों से गुम इंसानों की जानकारी मांगी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मृतक के लिंग , उम्र और मौत की वजह का पता लगने की संभावना है।