महासमुंद 11 जुलाई 2024 - रेप के मामले में रिपोर्ट नहीं लिखना थाना प्रभारी को भारी पड़ गया. पीड़िता की शिकायत के बाद एसपी ने तत्काल कोमाखान थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है. इधर अधिकारी पर कार्रवाई की खबर मिलते ही आनन-फानन में FIR दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, दुष्कर्म की पीड़िता FIR दर्ज कराने के लिए कोमाखान थाना पहुंची थी. उसने कांग्रेस नेता उत्तम राणा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, मगर उसे काफी देर बिठाने के बावजूद FIR नहीं लिखी गई. पीड़िता ने इसकी शिकायत TI शैलेन्द्र नाग से की, मगर उन्होंने भी पीड़िता को चलता कर दिया।
पीड़ित युवती ने FIR दर्ज नहीं होने पर SP आशुतोष सिंह से मुलाकात की और कोमाखान थाने के TI के खिलाफ शिकायत करते हुए उसकी FIR दर्ज करने की मांग की. इस शिकायत पर SP काफी नाराज हुए और उन्होंने अपने अधीनस्थों को तत्काल TI के खिलाफ जांच का आदेश दे दिया. TI द्वारा FIR दर्ज नहीं करने की पुष्टि होने के बाद SP ने तत्काल प्रभाव से TI शैलेंद्र नाग को सस्पेंड कर दिया।
इधर, जब पीड़िता द्वारा प्रकरण की शिकायत SP से किए जाने और TI पर गाज गिरने की जानकारी कोमाखान थाने में पहुंची तब आनन-फानन में मामले में FIR दर्ज किया गया और आरोपी कांग्रेस नेता उत्तम राणा को गिरफ्तार भी कर लिया गया. इस मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।