Back to News

छत्तीसगढ़ - पुरुष ने भी भरा महतारी वंदन योजना का फार्म , अधिकारियों को बताई यह वजह

छत्तीसगढ़ - पुरुष ने भी भरा महतारी वंदन योजना का फार्म , अधिकारियों को बताई यह वजह
GPM 23 फरवरी 2024 - छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की लोकप्रियता कहें या फिर इस योजना के जरिए मिलने वाले लाभ के प्रति लोगों का रूझान कि योजना तो चलाई गई थी छत्तीसगढ़ की महतारी यानी महिलाओं के आत्मनिर्भर और उत्थान के लिए पर इसमें महिलाओं के अलावा पुरूष भी आवेदन कर रहे हैं। 

हम बात कर रहे हैं छत्तीसगढ़ महतारी वंदन योजना की जिसके तहत पेंड्रा में उस वक्त एक अनोखा मामला सामने आ गया जब अधिकारी कर्मचारी महतारियों से इस योजना का फार्म भरवा तो रहे थे पर तिलोरा गांव में एक आवेदन ऐसा आया जो कि किसी महतारी का नहीं बल्कि पुरूष का था। 

दरअसल, गांव के रहने वाले कमल सिंह कंवर ने महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन जब दिया तो पहले तो लोगों ने समझाया कि ये आवेदन नहीं लिया जा सकता पर कमल सिंह की जिद के आगे स्थानीय कर्मचारियों को तो आवेदन लेना पड़ा।

कमल सिंह का दावा था कि उसके घर में कोई महिला नहीं है और परिवार का राशन कार्ड भी महिला के नहीं होने के कारण मुखिया के रूप में उसके नाम पर ही राशन कार्ड भी है तो ऐसे में महतारी वंदन योजना का लाभ उसको मिलना चाहिए। कमल सिंह का यह भी दावा है कि यदि घर में कोई महिला होती तो उसको इस योजना का लाभ मिलता ही ऐसे में इस योजना का लाभ अब उसको मिलना चाहिए। 

कमल सिंह के आवेदन को सॉफ्टवेयर ने ही नहीं लिया और अधिकारियों ने भी इस आवेदन को खारिज कर दिया।