Back to News

छत्तीसगढ़ - नकली नोट छापने की फैक्ट्री का पर्दाफाश , ढाई लाख के नकली नोट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ - नकली नोट छापने की फैक्ट्री का पर्दाफाश , ढाई लाख के नकली नोट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार 08 दिसम्बर 2024 - बलौदाबाजार पुलिस ने जिले में नकली नोट छापकर उसे खपाने वाले दो जालसाजों को गिरफ्तार किया है। इन जालसाजों के पास से पुलिस ने 2 लाख 32 हजार 400 रुपये के नकली नोट सहित नोट छापने वाले उपकरणों को भी जब्त किया है। दोनों जालसाज राजधानी रायपुर में भाठागांव के विनायक नगर स्थित एक घर को किराए पर लेकर नोट छापते थे।

ASP अभिषेक सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नकली नोट छापने वाले इन दोनों युवकों का नाम भुवन साहू और तुषार साहू है, जो कि जिले के लवन नगर पंचायत के निवासी हैं। मुखबिर से इस बात की सूचना मिली कि ये दोनों अपने एक साथी के साथ बीते कुछ दिनों से लवन की दुकानों में सामान खरीदने के बहाने नकली नोट खपा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने भुवन और तुषार को हिरासत में लेकर थाने ले आई और नकली नोट खपाने को लेकर पूछताछ की, इस दौरान दोनों ने राजधानी में नकली नोट छापने और फिर उसे दुकानों में सामान खरीदने के बहाने खपाने की बात कबूल कर ली।

भुवन और तुषार की निशानदेही पर पुलिस ने रायपुर में विनायक नगर स्थित उनके ठिकाने पर दबिश दी। इस दौरान मौके से 100, 200 और 500 रुपये के 2 लाख 32 हजार 400 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। इसके अलावा नकली नोट बनाने का सामान, जैसे कागज, कंप्यूटर, प्रिंटर भी पुलिस ने मौके से बरामद किया है। 

ASP अभिषेक सिंह ने बताया कि भुवन और तुषार आदतन बदमाश हैं, इसके अलावा उनका एक साथी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को रिमांड में लेकर और पूछताछ की जाएगी, जिससे इसमें और भी खुलासा होने की उम्मीद है।