Back to News

छत्तीसगढ़ - कोरोना काल मे महिला सरपंच ने आपदा को बनाया था अवसर , अब भरना पड़ेगा 25 लाख

छत्तीसगढ़ - कोरोना काल मे महिला सरपंच ने आपदा को बनाया था अवसर , अब भरना पड़ेगा 25 लाख
बिलासपुर 20 जुलाई 2024 - आपदा को अवसर में बदलकर 24 लाख 70 हजार की ठगी करने वाले ग्राम पंचायत करगी खुर्द की महिला सरपंच और सचिव से रिकवरी के लिए कोटा SDM ने आदेश जारी किया है। दोनों को 13 अगस्त से पहले राशि जमा करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कोरोना संक्रमण में जहां पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ था और लाकडाउन में बाहरी प्रांतों में काम करने गए श्रमिक लौट रहे थे जिसका फायदा उठा कर कोटा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत करगी खुर्द की महिला सरपंच नंदनी यादव और सचिव दुर्जन सिंह ने मिलकर क्वारंटाइन में रह रहे मजदूरों के भोजन के नाम पर लाखों रुपये की गड़बड़ी की। 

पहली लहर के दौरान 08 मई 2020 से 19 मई 2020 को बाहरी प्रांतों से 93 श्रमिक लौटे। इन्हें गांव के स्कूल में क्वारंटाइन किया गया। ग्राम पंचायत ने इनके भोजन में 05 लाख 52 हजार 982 रुपये खर्च होना बताया। पंचायत के पास भोजन में खर्च की गई राशि का कोई दस्तावेज नहीं है। इसके अलावा उपस्थिति पंजी में कितने श्रमिकों को कब-कब रखा इसकी भी जानकारी नहीं है।

इस मामले में सबसे पहले सचिव को नोटिस जारी कर स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा गया था। उन्होंने संतोष जनक जवाब नहीं दिया। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत CEO ने सचिव दुर्जन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।