Back to News

छत्तीसगढ़ - शादी से तीन दिन पहले तालाब में मिली युवती की लाश , पुलिस ने जताई यह आशंका

छत्तीसगढ़ - शादी से तीन दिन पहले तालाब में मिली युवती की लाश , पुलिस ने जताई यह आशंका
दुर्ग 10 जुलाई 2024 - शादी से तीन दिन पहले युवती ने तालाब में कूदकर खुदकुशी कर ली। परिवार में एक साथ दो बहनों और एक भाई की शादी होने वाली थी। भाई की हल्दी रस्म के बाद छोटी बहन ने आत्मघाती कदम उठाया है। घटना नंदिनी थाना क्षेत्र की है। 

थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि, मेडेसरा निवासी राजेश जोशी की बेटी तेजश्वनी जोशी (19) उसकी बड़ी बहन और भाई गजपाल जोशी तीनों की एक साथ शादी तय हुई थी। आशंका है कि तेजश्वनी को यह शादी पसंद नहीं थी। इसलिए उसने मंगलवार देर रात तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली। 

वही तेजश्वनी के चाचा टोमन लाल जोशी ने बताया कि, 9 जुलाई को तेजश्वनी के भाई की हल्दी का कार्यक्रम था। रात में उसने भाई और बहन के साथ हल्दी लगवाई। संगीत का कार्यक्रम हुआ। सब लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे। खाना खाने के बाद अचानक वो घर से बाहर चली गई। सुबह उसकी लाश तालाब में मिली है। 

बेटे की बुधवार को बारात निकलनी थी वही तेजश्वनी और उसकी बड़ी बहन की बारात 12 जुलाई को आनी थी। घटना के बाद अब दोनों भाई-बहन की शादी कैंसिल कर दी गई।