Back to News

छत्तीसगढ़ - नवजात की मौत पर रिश्वत खाने वाला ASI जाबलून कुजूर सस्पेंड , SP ने की कार्यवाही

छत्तीसगढ़ - नवजात की मौत पर रिश्वत खाने वाला ASI जाबलून कुजूर सस्पेंड , SP ने की कार्यवाही
बलरामपुर 25 जनवरी 2024 - नवजात की मौत के बाद मर्ग जांच करने को लेकर थाना में पदस्थ ASI के द्वारा मृतक के पिता से रिश्वत लेने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने आरोपी ASI को निलंबित कर दिया है। मामले में शामिल एक अन्य नगर सैनिक जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। मामला रघुनाथनगर थाने का है।

बता दे कि दो महीने पहले संतोष कुशवाहा के नवजात बच्चे की मौत हो गई थी। वाड्रफनगर पुलिस चौकी की पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत का करण हृदयाघात बताया गया , लिहाजा वाड्रफनगर पुलिस ने जीरो FIR कर डायरी रघुनाथ नगर थाने में भेज दिया।

परिजनों का आरोप है कि रघुनाथ नगर थाने में पदस्थ नगर सैनिक आशुतोष उपाध्याय बार बार पीड़ित परिवार से पैसे की मांग करने लगा। पैसे नहीं दिये जाने पर नगर सैनिक अपने साथ ASI जाबलून कुजूर को साथ लेकर पीड़ित संतोष कुशवाह के घर पहुंच गया और थाने में बुला कर उनसे 20 हजार रुपए की मांग कर दी, जिसकी प्रथम किस्त 09 हजार रूपये ASI जाबलून कुजूर ने ले लिये और शेष 11 हजार रुपए एक दिन बाद दिये जाने की बात पर उनको थाने से छोड़ा गया। मामला मीडिया के संज्ञान में आया तो एएसआई ने मीडिया के सामने ही पीड़ित को लिये गये 09 हजार रूपये वापस किया।