अयोध्या 27 मार्च 2024 - श्रीराम मंदिर परिसर में तैनात प्लाटून कमांडर खुद की AK-47 से गोली चलने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें श्रीराम अस्पताल लाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के बाद गंभीर अवस्था में उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। हादसा मंगलवार की शाम लगभग 05:45 बजे परिसर में स्थित चौकी में हुआ है।
मूलरूप से अमेठी जिले के रहने वाले रामप्रसाद (53) पीएसी की 32वीं बटालियन के प्लाटून कमांडर के पद पर इन दिनों श्रीराम मंदिर परिसर की सुरक्षा में तैनात हैं। मंगलवार की शाम लगभग 05:45 बजे वह अन्य जवानों के साथ परिसर में स्थापित चौकी पर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाले थे कि इस बीच अचानक असलहा साफ करते समय उनके ही AK-47 से अचानक गोली चल गई। गोली सीधे उनके बायीं तरफ सीने में लगी और आरपार हो गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होकर वह वहीं गिर पड़े।
साथ में तैनात अन्य जवानों ने उच्च अधिकारियों को सूचित करके उन्हें राजकीय श्रीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर लगभग 06:46 बजे उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां जनरल सर्जन डॉ. एसपी बंसल ने ऑपरेशन करके उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। अभी भी कमांडो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्लाटून कमांडर के ऑपरेशन के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर छावनी में तब्दील रहा। आईजी प्रवीण कुमार , CRPF कमांडेंट छोटेलाल , एसएसपी राजकरन नय्यर समेत पुलिस के अन्य अधिकारी स्वयं मौजूद रहे। उनके साथ काफी संख्या में पुलिस, पीएसी व CRPF के जवान भी डटे रहे।