रांची 01 मई 2024 - झारखंड की राजधानी रांची में बर्ड फ्लू (bird flu) ने कोहराम मचा रखा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रांची के सिर्फ एक सरकारी पोल्ट्री फार्म होटवार में 1,745 मुर्गियों सहित करीब 2,196 पक्षियों को मारना पड़ा। वहीं 1697 अंडे भी नष्ट कर दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि इनके सैंपल में H5 - N1 की मौजूदगी पाई गई थी। डॉक्टरों और छह स्टाफ सदस्यों को रांची के JSIA भवन में क्वारंटीन कर दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक JSIA सरकारी भवन को बर्ड फ्लू वार्ड में बदल दिया गया है। इसी बीच देश में बर्ड फ्लू की संभावित खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने सतर्कता बरते हुए लोगों से कच्चे दूध का सेवन न करने की सलाह दी है। साथ मांसाहारी भोजन पर्याप्त तापमान पर पकाकर खाने की सलाह दी है।
केंद्र ने राज्यों से कहा है कि अभी तक के मौजूदा साक्ष्य बताते हैं कि इन्सानों तक एवियन इन्फ्लूएंजा को पहुंचने से रोका जा सकता है। भारत के केरल, झारखंड और महाराष्ट्र के कुछ जिलों में भी यह संक्रमण पाया गया है। ऐसे में लोगों को दूध को अच्छे से उबाल कर सेवन करने की सलाह दी है। ऐसा करने से मनुष्यों में वायरस के संचरण को रोकने में मदद मिलेगी।