छतरपुर 05 मार्च 2024 - छतरपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां बहुजन समाज पार्टी के दिग्गज नेताओं में शुमार महेंद्र गुप्ता की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। जानकारी ये भी सामने आई है कि वारदात को अंजाम देने के बाद अज्ञात बदमाश मौके से फरार हो गए हैं। जानकारी लगते ही घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना करके मामले की तफ्तीश शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शहर के सागर रोड पर स्थित गजराज पैलेस नाम के मैरिज गार्डन के सामने हुई है। बताया जा रहा है कि बीएसपी नेता महेंद्र गुप्ता यहां किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। इस दौरान अज्ञात बदमाशों ने एकाएक उन पर फायरिंग शुरु कर दी। सिर में गोली लगने से महेंद्र गुप्ता सड़क पर गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और CSP घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। फिलहाल, पुलिस अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुट गई। बता दें कि बसपा नेता महेंद्र गुप्ता दो बार बिजावर विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं। पिछली बार 2023 के विधानसभा चुनाव में बिजावर विधानसभा से बसपा के प्रत्याशी बनाए गए थे।