Back to News

छत्तीसगढ़ कांग्रेस का बड़ा फैसला , 150 से अधिक निष्कासित बागी नेता होंगे बहाल

छत्तीसगढ़ कांग्रेस का बड़ा फैसला , 150 से अधिक निष्कासित बागी नेता होंगे बहाल
रायपुर 07 मार्च 2024 - लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने छत्‍तीसगढ़ के कद्दावर नेताओं को चुनावी मैदान में उतारने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , पूर्व मंत्रियों में टीएस सिंहदेव , अमरजीत भगत , रविंद्र चौबे , ताम्रध्वज साहू , डा. शिव डहरिया को लोकसभा के चुनावी मैदान में उतारने की सुगबुगाहट तेज है।

इसके साथ ही पार्टी ने विधानसभा चुनाव में मिली हार से सबक लेते हुए गुटबाजी और अंतर्कलह खत्म करने के साथ ही 150 निष्कासित नेताओं को बहाल करने की तैयारी की है। इनमें रामानुजगंज के पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह , पूर्व विधायक विनय जायसवाल , बिलासपुर के महापौर रामशरण यादव समेत अन्य नेता शामिल हैं। पार्टी इनका निलंबन जल्द ही बहाल कर सकती है ताकि लोकसभा चुनाव में किसी भी तरह का नुकसान न हो।

बतादें कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस छत्तीसगढ़ में खुद को मजबूत मानकर चल रही थी मगर चुनाव के परिणाम आने के बाद पार्टी में अब नए सिरे आत्म मंथन शुरू हो चुका है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हारने की मुख्य वजह भी गुटबाजी व अंतर्कलह को मान रही है। पार्टी के कुछ विधायकों ने तत्कालीन प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से लेकर उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगाते हुए हार के लिए जिम्मेदार ठहराया था।