रायपुर 28 फरवरी 2024 - छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग परीक्षा 2021 की रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर बालोद जिले में भी शिकायत दर्ज हुई है। इस मामले में CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी सहित कई लोगों के खिलाफ अर्जुन्दा थाने में FIR दर्ज हुआ है।
अर्जुन्दा क्षेत्र निवासी अभ्यर्थी ने शिकायत में कहा है कि, वह 2021 में CGPSC की परीक्षा में शामिल हुआ था। प्रिलिम्स और मेंस क्लीयर करने के बाद इंटरव्यू तक पहुंचा और उसका इंटरव्यू अच्छा गया था, बावजूद इसके जारी रिजल्ट में चयन नहीं हुआ। उसने सारे सवालों के जवाब भी अच्छे से दिए थे। जबकि जिनका इंटरव्यू अच्छा नहीं गया, जो इस इंटरव्यू में जल्दी बाहर आ गए ऐसे लोगों का इसमें चयन हो गया।
अभ्यर्थी ने आरोप लगाया कि चयन सूची में CGPSC के तत्कालीन चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी का बेटा , बहू , पुत्री सहित रिश्तेदारों और कांग्रेसी नेता ,अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के करीबियों का चयन हुआ।
इसके अलावा प्रोफेसर भर्ती में जो लोग परीक्षा में बैठे नहीं थे ऐसे उम्मीदवारों का चयन हुआ। पीड़ित अभ्यर्थी ने मामले की जांच की मांग की है। वहीं अर्जुंदा पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।