मोहाली 09 जून 2024 - पंजाब के मोहाली में शनिवार को दिनदहाड़े बीच सड़क पर 26 वर्षीय युवती पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया। युवती की पहचान बलजिंदर कौर के रूप में हुई है। वह काम पर जा रही थी, तभी पेड़ के पीछे छिपे एक व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, युवती ने जब उससे शादी करने का प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो उस व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में बलजिंदर कौर चार अन्य लड़कियों के साथ सड़क पर चल रही थी, तभी पेड़ के नीचे छिपे व्यक्ति ने अचानक आकर उस पर तलवार से हमला कर दिया। बलजिंदर तुरंत बेहोश हो गई और हमलावर मौके से भाग गया। रिपोर्ट के अनुसार, बलजिंदर कौर को फेज-6 अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने एक बयान में कहा, हमले के पीछे का मकसद अभी भी स्पष्ट नहीं है, और हम कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।