Back to News

फीस, किताब और स्‍कूल ड्रेस के नाम पर पालकों को लूटने वाले 11 निजी स्‍कूल के संचालक गिरफ्तार , 80 पर FIR दर्ज

फीस, किताब और स्‍कूल ड्रेस के नाम पर पालकों को लूटने वाले 11 निजी स्‍कूल के संचालक गिरफ्तार , 80 पर FIR दर्ज
रायपुर 29 मई 2024 - प्राइवेट स्‍कूलों की मनमानी पर लगाम कसने की मांग रायपुर में भी तेज होने लगी है। जबलपुर (मध्‍य प्रदेश) की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी स्‍कूल संचालकों से पैसा वापस लेकर पालकों को लौटने की मांग कलेक्‍टर से की जा रही है। समाजिक कार्यकर्ता कुणाल शुक्‍ला ने इस संबंध में रायपुर कलेक्‍टर को पत्र लिखा है। इसमें कुणाल शुक्ला ने जबलपुर कलेक्टर की तर्ज़ पर निजी स्कूलों द्वारा फीस के नाम पर डाली जा लूट पर अंकुश लगा कर स्कूलों से वसूली करके पालकों को उनका पैसा वापस दिलाने का आग्रह किया है।

बता दें कि जबलपुर के कलेक्टर ने निजी विद्यालय अधिनियम 2017 के तहत 11 स्कूल संचालकों और उनसे जुड़े किताब- कापी और ड्रेस बेचने वालों पर कार्यवाही की है। 11 स्कूल संचालकों कोा गिरफ्तार किया गया है, जबकि 80 लोगों पर FIR भी दर्ज की गई है। स्‍कूल संचालकों से वसूली करके पालको को उनके पैसे लौटाए जा रहे हैं।

जबलपुर में प्राइवेट स्‍कूलों की जांच में अब तक 11 स्‍कूल में गड़बड़ी पकड़ में आई है। जबलपुर कलेक्‍टर के अनुसार इन 11 स्‍कूलों ने 21 हजार बच्‍चों के पालकों से 81 करोड़ 30 लाख रुपये अतिरिक्‍त फीस वसूला है। इसके साथ ही किताब- कापी विक्रेताओं और प्रकाशकों के साथ भी मिलीभगत करके करोड़ों रुपये अंदर किया गया है। इन लोगों के खिलाफ जबलपुर के अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई है।

कुणाल शुक्ला ने रायपुर कलेक्टर से मांग की है कि वे छत्तीसगढ़ अशासकीय फीस विनियमन अधिनियम 2020 के तहत निजी स्कूलों में फीस समिति का गठन एवं फीस निर्धारण एवं अन्य का प्रावधान किया है, इसके तहत निजी स्कूलों द्वारा मचाई गयी लूट पर कार्यवाही करें नहीं तो वे इस मामले को लेकर न्यायालय की शरण में जाएंगे।